T20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान ने भारत मैच का बहिष्कार किया
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Pakistan-Boycott-India-Match-T20-World-Cup-2026
पाकिस्तान सरकार ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच के बहिष्कार का आधिकारिक ऐलान किया।
बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के विरोध में पाकिस्तान ने ICC पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
Delhi/ ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान सरकार के एक फैसले ने टूर्नामेंट की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पाकिस्तान सरकार ने अपने आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट के जरिए स्पष्ट किया कि पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मुकाबला नहीं खेलेगी। यह मैच श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में प्रस्तावित था।
सरकारी बयान में कहा गया है कि यह फैसला सरकार की नीति और क्षेत्रीय क्रिकेट से जुड़े हालातों को ध्यान में रखकर लिया गया है। इस ऐलान के बाद भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मुकाबले को लेकर दुनियाभर के फैंस में निराशा देखी जा रही है, क्योंकि यह मैच T20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा आकर्षण माना जाता है।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान सरकार का यह फैसला बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के विरोध में लिया गया है। ICC ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ढाका में प्रस्तावित मैचों को भारत स्थानांतरित करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद बांग्लादेश को प्रतियोगिता से हटना पड़ा। पाकिस्तान ने इसे ICC का “डबल स्टैंडर्ड” बताते हुए एशियाई क्रिकेट के साथ अन्याय करार दिया है।
हालांकि पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट से पूरी तरह अलग नहीं होगी। T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी और पाकिस्तान अपने अन्य सभी ग्रुप मैच खेलेगा। टीम 2 फरवरी को कोलंबो के लिए रवाना होगी और भारत को छोड़कर बाकी विरोधी टीमों के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
इस फैसले का सीधा असर टूर्नामेंट की कमाई पर भी पड़ता दिख रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होने से ICC और ब्रॉडकास्टिंग पार्टनर्स को लगभग 38 मिलियन डॉलर यानी करीब 315 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका है। यह मुकाबला विश्व क्रिकेट में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले मैचों में शामिल होता है।
फिलहाल ICC की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि ICC नियमों के तहत पाकिस्तान पर अंक कटौती, मैच फॉरफिट या आर्थिक जुर्माने जैसी कार्रवाई हो सकती है। आने वाले दिनों में ICC का फैसला टूर्नामेंट की दिशा और निष्पक्षता तय करेगा।